– प्रदेश स्तर पर मांगे गए सुझाव
– आगामी विधानसभा चुनाव में भी अहमियत के संकेत
फर्रुखाबाद/नई दिल्ली। संगठनात्मक क्षमता, जमीनी सक्रियता और साफ-सुथरी राजनीतिक छवि के चलते फर्रुखाबाद के युवा नेता रूपेश गुप्ता का कद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। पार्टी के भीतर चल रहे संगठनात्मक मंथन और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा जिन चुनिंदा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जा रहा है, उनमें रूपेश गुप्ता का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। गुप्ता के अगले विधानसभा चुनाव में भी अहमियत बढ़ाने के संकेत हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार रूपेश गुप्ता ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी संगठन द्वारा सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया था। बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राजनीतिक माहौल में संगठनात्मक कार्यों और बूथ प्रबंधन में उनकी सक्रिय भूमिका को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से नोटिस किया था। इसके बाद से ही उनका राजनीतिक और संगठनात्मक कद लगातार बढ़ता रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रूपेश गुप्ता की सबसे बड़ी ताकत उनकी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच सहज संवाद की क्षमता है। जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है। यही कारण है कि संगठन के विभिन्न विषयों पर उनके अनुभव और सुझावों को महत्व दिया जा रहा है।
प्रदेश संगठन में चल रहे मंथन के बीच विभिन्न जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन विस्तार, युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी उनसे विचार-विमर्श किए जाने की चर्चा है। यह संकेत माना जा रहा है कि पार्टी भविष्य में उन्हें और बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार कर रही है।
जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रूपेश गुप्ता ने अपने व्यवहार, कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण के कारण अलग पहचान बनाई है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि वर्तमान दौर में संगठन ऐसे चेहरों की तलाश में है जो बिना विवाद के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चल सकें और जनता के बीच सकारात्मक छवि बनाए रखें।
राजनीति में केवल पद ही पहचान नहीं बनाता, बल्कि संगठन के भीतर विश्वास और कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। रूपेश गुप्ता का बढ़ता राजनीतिक महत्व इस बात का संकेत है कि पार्टी नेतृत्व अब जमीनी अनुभव रखने वाले और संगठनात्मक क्षमता से लैस नेताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
यदि यही सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में फर्रुखाबाद की राजनीति से निकलकर रूपेश गुप्ता प्रदेश स्तर की राजनीति में और बड़ी भूमिका निभाते दिखाई दे सकते हैं।


