कन्नौज। तिर्वा कोतवाली के सामने जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। नाराज सपा नेताओं ने अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए सड़क पर भरे पानी में बैठकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोतवाली के सामने सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन गई है।
सपा नेताओं ने कहा कि जलभराव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार विभाग जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
पानी में बैठकर प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि प्रमुख मार्ग और सार्वजनिक स्थान भी जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। तिर्वा कोतवाली के सामने की स्थिति स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।


