33 C
Lucknow
Monday, June 1, 2026

शिक्षा के मंदिर में सेंध: प्राथमिक विद्यालय से राशन, टीवी और अभिलेख तक उठा ले गए चोर

Must read

 

ताले तोड़कर वारदात, खेत में मिला गैस सिलेंडर और स्कूल का रजिस्टर

फर्रुखाबाद,मोहम्मदाबाद। जनपद में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सरकारी स्कूल भी उनके निशाने पर आ गए हैं। थाना क्षेत्र के नगला सुरजन स्थित प्राथमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के सामान के साथ महत्वपूर्ण अभिलेखों पर भी हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात चोर विद्यालय की बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों के ताले तोड़ दिए और विद्यालय में रखा सामान समेटकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रशासन और पुलिस हरकत में आई।
प्रधानाध्यापिका प्रतिभा चौहान ने बताया कि गांव के कोटेदार ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि खेत में विद्यालय का गैस सिलेंडर, एक अभिलेख रजिस्टर और स्पोर्ट्स किट का बैग पड़ा हुआ है। रजिस्टर में शिक्षामित्र पवन पाल का नाम दर्ज होने के कारण विद्यालय प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई।
जब प्रधानाध्यापिका विद्यालय पहुंचीं तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। चोर एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, तीन माह का मिड-डे मील राशन, स्पोर्ट्स किट, समर पाइप, साउंड सिस्टम, स्टेशनरी किट, गणित किट, आंगनबाड़ी एवं बाल वाटिका किट, डस्टबिन और कई अन्य शैक्षिक सामग्री उठा ले गए थे।
सबसे गंभीर बात यह रही कि चोर स्कूल के महत्वपूर्ण रजिस्टर और अभिलेख भी अपने साथ ले गए। इससे विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों पर असर पड़ने की आशंका पैदा हो गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों की चोरी सामान्य घटना नहीं है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है, लेकिन सुरक्षा के अभाव में सरकारी संपत्ति लगातार अपराधियों के निशाने पर है। ग्रामीणों ने विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और चोरों की तलाश की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article