अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव ने पूरे सीजन में सबसे अधिक रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली और आईपीएल इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
राजस्थान रॉयल्स भले ही फाइनल में जगह बनाने से चूक गई, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में जमकर बोला। उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाकर सभी दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतर प्रदर्शन ने उन्हें इस सीजन का सबसे सफल बल्लेबाज बना दिया।
फाइनल मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान शुबमन गिल और स्टार बल्लेबाज साईं सुधर्सन ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुए थे। गिल के खाते में 722 रन और सुदर्शन के नाम 710 रन थे। फाइनल में दोनों बल्लेबाजों के पास वैभव को पीछे छोड़ने का मौका था, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गिल 10 और सुदर्शन 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसके साथ ही वैभव की ऑरेंज कैप पर मुहर लग गई।
क्रिकेट इतिहास में यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वैभव सूर्यवंशी ने अपने दूसरे ही आईपीएल सीजन में यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ निडर बल्लेबाजी करते हुए कई मैचों में अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई।
वैभव सूर्यवंशी अब ऑरेंज कैप जीतने वाले चुनिंदा अनकैप्ड खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल हो गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि केवल कुछ ही खिलाड़ियों के नाम दर्ज थी। 15 साल की उम्र में यह रिकॉर्ड बनाकर वैभव ने भारतीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।


