27 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

बरझाला गेट के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अपाचे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

Must read

कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में अपाचे बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी 30 वर्षीय सौरभ शर्मा पुत्र स्वर्गीय राजेश शर्मा शनिवार को कंपिल क्षेत्र में लकवा की दवा लेने के लिए बाइक से गए थे। दवा लेकर वापस अपने गांव लौटते समय कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर बरझाला गेट के निकट सामने से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ शर्मा बाइक समेत करीब 25 फीट दूर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद उनकी अपाचे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे का दृश्य इतना दर्दनाक था कि वहां मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल छोटा हाथी वाहन में शराब की पेटियां लदी हुई थीं। वाहन फर्रुखाबाद की ओर से कायमगंज जा रहा था, जबकि मृतक युवक बाइक से कायमगंज से अपने गांव की ओर लौट रहा था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और वाहन सहित चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मां स्नेहलता अपने बेटे के शव से लिपटकर बिलखती रहीं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक सौरभ शर्मा चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी बहन रागिनी का विवाह हो चुका है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
क्राइम इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article