27 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

रामलीला मैदान की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, समिति ने पुलिस को दी तहरीर

Must read

शमसाबाद/फर्रुखाबाद। नगर के अलेपुर मार्ग स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान के निकट निर्माणाधीन दुकानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रामलीला महोत्सव समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दुकानों के निर्माण की आड़ में अतिरिक्त भूमि पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष अवधेश पांडे के नेतृत्व में पहुंचे दर्जनभर सदस्यों ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि नगर के रामलीला मैदान में पिछले कई दशकों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते आ रहे हैं। हर वर्ष यहां भव्य रामलीला मंचन के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु और दर्शक शामिल होते हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रामनरेश बहादुर सक्सेना पुत्र स्वर्गीय नरसिंह बहादुर सक्सेना द्वारा मैदान के समीप दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान रामलीला स्थल की ओर जाने वाले मार्ग के पास लगभग चार फीट अतिरिक्त भूमि पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में आवागमन प्रभावित हो सकता है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि रामलीला मैदान केवल सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र ही नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था से भी जुड़ा हुआ स्थान है। विभिन्न पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं का समापन भी इसी मैदान में होता है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में यदि मैदान अथवा उससे जुड़े मार्ग की भूमि पर अतिक्रमण होता है तो इससे हजारों लोगों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होंगी।
तहरीर देने वालों में अध्यक्ष अवधेश पांडे के अलावा अनुपम शर्मा, दीपक कुमार, एस.के. सिंह, कृष्ण भारद्वाज, संतोष कुमार, नरेश चंद्र, सुदेश कुमार, देवेंद्र कुमार समेत अन्य सदस्य शामिल रहे। सभी ने प्रशासन से मौके की पैमाइश कराकर कथित अतिक्रमण हटाने तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले को लेकर नगर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article