38.1 C
Lucknow
Monday, July 13, 2026

रोडवेज बस की अंतिम सीट पर मिला युवक का शव, यात्रियों में मचा हड़कंप

Must read

क्रासर
पुलिस ने मौके पर पहुंच की पड़ताल
फर्रुखाबाद। दिल्ली से फर्रुखाबाद पहुंची रोडवेज बस में एक युवक का शव मिलने से बुधवार को रोडवेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बस डिपो पहुंचने के बाद जब चालक और परिचालक बस की जांच कर रहे थे, तभी पीछे की सीट पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और उठाने की कोशिश के बावजूद जब युवक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रोडवेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को एम्बुलेंस की मदद से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही रोडवेज बस अड्डे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया गया है कि बस कौशांबी डिपो की थी, जो दिल्ली से फर्रुखाबाद के लिए रवाना हुई थी। चालक और परिचालक ने बताया कि रास्ते में युवक सामान्य यात्री की तरह बस में बैठा हुआ था और किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी नहीं हुई। फर्रुखाबाद पहुंचने के बाद जब सभी यात्री उतर गए, तब युवक सीट पर पड़ा मिला।
पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से एक मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद हुई। हालांकि देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मोबाइल के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।
घटना के बाद रोडवेज कर्मचारियों और यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। लोगों का कहना था कि सफर के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ी होगी, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। वहीं कुछ लोग इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मान रहे हैं।
रोडवेज चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस चालक और परिचालक से पूछताछ कर यात्रा के दौरान की जानकारी जुटा रही है। मामला कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डे का बताया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article