फर्रुखाबाद / कमालगंज। आगामी बकरीद पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, धर्मगुरुओं और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने हिस्सा लिया। त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
बैठक अमृतपुर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय की मौजूदगी में आयोजित हुई, जिसमें सभी समुदायों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि बकरीद का त्योहार परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की सभी ईदगाहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर रहेगी।
अधिकारियों ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और कमालगंज क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया।


