35 C
Lucknow
Tuesday, May 26, 2026

थाना जहानगंज के नाक के नीचे दिनदहाड़े अपाचे बाइक चोरी

Must read

 

फर्रुखाबाद। मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे थाना जहानगंज पुलिस की कार्यशैली पर उस समय बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब थाने से महज 50 मीटर दूर जहानगंज चौराहे से दिनदहाड़े अपाचे बाइक चोरी कर ली गई। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह वारदात ऐसे इलाके में हुई, जहां हर समय पुलिस की आवाजाही रहती है, लेकिन चोर बेखौफ अंदाज में बाइक स्टार्ट कर ले गया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के मुताबिक साजिद उस्मानी उर्फ सज्जू अपनी अपाचे बाइक संख्या यूपी 76 एडी 5571 चौराहे पर खड़ी कर एक जनरल स्टोर से चप्पल खरीदने गए थे। तभी एक युवक आया, बाइक में लगी चाबी घुमाई और आराम से बाइक लेकर फरार हो गया। पूरी घटना ने यह साबित कर दिया कि अब चोरों के अंदर पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो सप्ताह में जहानगंज चौराहे और आसपास कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन थाना पुलिस ने किसी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कई पीड़ितों को मुकदमा दर्ज करने के बजाय सिर्फ आश्वासन देकर थाने से चलता कर दिया गया। लोगों का कहना है कि पुलिस की यही लापरवाही अब अपराधियों के लिए खुली छूट बन चुकी है।

क्षेत्र में चर्चा है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई होती और अपराधियों पर शिकंजा कसा जाता तो चोरों की इतनी हिम्मत नहीं होती कि वे थाने के ठीक सामने से बाइक उड़ाकर निकल जाएं। अब हालात यह हैं कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस की गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है।

गौरतलब है कि मेला कमाल खां में हुई चोरी का मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। पीड़ित लगातार थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी हो रही है। लगातार बढ़ती वारदातों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर जहानगंज क्षेत्र में अपराधियों पर पुलिस का नियंत्रण बचा भी है या नहीं।

जब इस पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी से पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने फोन उठाना तक जरूरी नहीं समझा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस का यही रवैया रहा तो आने वाले दिनों में अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article