– गंगा योद्धाओं ने हटाई खंडित मूर्तियां और प्लास्टिक कचरा
यूथ इंडिया | फर्रुखाबाद
गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जिला गंगा समिति के तत्वावधान में पांचाल घाट पर व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में गंगा योद्धाओं और युवाओं ने गंगा घाट पर जमा खंडित मूर्तियां, प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री को निकालकर गंगा तट की सफाई की। श्रद्धालुओं को गंगा को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
अभियान के दौरान टीम ने गंगा स्नान करने पहुंचे लोगों को पूजा सामग्री, प्लास्टिक और खंडित मूर्तियां गंगा नदी में विसर्जित न करने के लिए जागरूक किया। कई स्थानों पर लोगों को सामग्री नदी में डालने से रोका गया। नाविकों को भी निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार का कचरा या सामग्री गंगा में न फेंकी जाए तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग कराया जाए।
जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने कहा कि हिंदू धर्म में गंगा दशहरा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करते हैं, लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही के कारण गंगा प्रदूषित हो रही है। उन्होंने कहा कि अज्ञानतावश लोग खंडित मूर्तियां गंगा किनारे छोड़ देते हैं, जिससे धार्मिक आस्था भी आहत होती है और मूर्तियां पैरों के नीचे आती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गंगा नदी में जलस्तर कम हो रहा है और प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हर व्यक्ति का दायित्व है कि वह नदियों को बचाने और स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। अभियान के दौरान युवाओं ने गहरे पानी में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को भी सतर्क किया और सुरक्षित स्नान की अपील की।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत ओम पांडे, भारतीय वन्यजीव संस्थान के परियोजना सहायक शुभम कटियार, गंगा योद्धा राम रहीश कुशवाहा, सुमित कुमार, अमित प्रकाश, घनश्याम, रचना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


