नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली (Delhi) के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पीरागढ़ी गांव (Peeragarhi village) में एक 60 वर्षीय चौकीदार की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। शुरुआती जांच में इसे सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन CCTV फुटेज और मौके से मिले सबूतों ने पूरी घटना की भयावह सच्चाई उजागर कर दी।
पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 की सुबह करीब 4:03 बजे पीरागढ़ी गांव के एंट्री गेट स्थित टेंपो स्टैंड, श्री सिद्ध बाबा मंदिर के पास एक व्यक्ति के घायल पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिजेंद्र (60) पुत्र स्वर्गीय चंदा भान, निवासी पीरागढ़ी गांव, दिल्ली के रूप में हुई है। वह इलाके के टेंपो स्टैंड पर चौकीदार के तौर पर काम करता था।
शुरुआत में पुलिस इस घटना को सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही थी, लेकिन घटनास्थल पर मिले स्किड मार्क्स ने जांच की दिशा बदल दी। इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में दिखाई दिया कि एक चार पहिया वाहन ने बिजेंद्र को सिर्फ टक्कर ही नहीं मारी, बल्कि उसे दो बार कुचला। गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पश्चिम विहार वेस्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।जांच के लिए पश्चिम विहार सब-डिविजन की विशेष टीमों और आउटर जिला ऑपरेशन यूनिट को लगाया गया है। वहीं, एफएसएल और क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल आरोपी चालक फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


