फर्रुखाबाद। विकास कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंकुर लाठर ने की। समीक्षा के दौरान अप्रैल 2026 माह की विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का परीक्षण किया गया, जिसमें जनपद फर्रुखाबाद को प्रदेश स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त हुआ।
बैठक में 28 विभागों की कुल 86 योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन, लक्ष्य पूर्ति, प्रगति रिपोर्ट और जनहित पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर अधिकारियों से जवाब तलब किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कई योजनाओं का प्रदर्शन कमजोर पाया गया। डी श्रेणी में चिकित्सा विभाग की जननी सुरक्षा योजना की स्थिति बेहद खराब रही। योजना को प्रदेश में 63वीं रैंक मिली और 10 में से केवल 2 अंक प्राप्त हुए।
सी श्रेणी में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आईसीडीएस पोषण अभियान को 49वीं रैंक और 3 अंक मिले। वहीं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना भी 49वीं रैंक पर रही, जिसे 5 अंक प्राप्त हुए।
बी श्रेणी में जल निगम (ग्रामीण) की जल जीवन मिशन योजना को 37वीं रैंक और 8 अंक मिले। पर्यटन विभाग की राज्य योजना 55वें स्थान पर रही और उसे 7 अंक प्राप्त हुए। लोक निर्माण विभाग की नई सड़क निर्माण योजना को 41वीं रैंक और 6 अंक मिले।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और फील्ड स्तर पर कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि आगामी माह में जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


