लखनऊ। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 104 पीसीएस अधिकारियों को बड़ा प्रशासनिक लाभ देते हुए समयमान वेतनमान प्रदान किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब इन अधिकारियों का ग्रेड पे 5400 रुपये से बढ़ाकर 6600 रुपये कर दिया गया है। यह लाभ पांच वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण करने के बाद दिया गया है।
नियुक्ति विभाग के विशेष सचिव अवनीश सक्सेना की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि समयमान वेतनमान का लाभ पाने वालों में सर्वाधिक 95 अधिकारी वर्ष 2020 बैच के हैं, जबकि वर्ष 2019 बैच के 9 अधिकारियों को भी इसका लाभ मिला है। शासन के इस फैसले से अधिकारियों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी होगी, साथ ही प्रशासनिक सेवा में कार्यरत अधिकारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।
प्रदेश सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और अधिकारियों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से अधिकारी इस लाभ की प्रतीक्षा कर रहे थे, जिसके बाद अब आदेश जारी होने से संबंधित अधिकारियों में खुशी का माहौल है।


