मोहम्मद आकिब खांन
यूथ इंडिया लखनऊ: उत्तर प्रदेश में माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अब राज्य की शत्रु संपत्तियों को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। प्रदेश के 11 जिलों में स्थित 56 शत्रु संपत्तियों की आगामी 25 मई को ऑनलाइन नीलामी की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय द्वारा राज्य प्रशासन के सहयोग से यह बड़ी मुहिम चलाई जा रही है।
विधिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी तरह से खाली कराई जा चुकीं इन संपत्तियों की नीलामी आगामी 25 मई को सुबह 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। इस पारदर्शी प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि देश का कोई भी नागरिक घर बैठे इस ऑनलाइन नीलामी में भाग ले सकता है और नियमानुसार बोली लगा सकता है।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कूटरचित (फर्जी) दस्तावेजों के सहारे वर्षों से इन शत्रु संपत्तियों पर कुंडली मारकर बैठे अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ प्रशासन अब एफआईआर दर्ज कराकर बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी में है। ऐसी संपत्तियां और जमीनें भी कड़े जांच के घेरे में हैं, जिन्हें फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपनों के नाम बैनामा (रजिस्ट्री) कराकर सरकारी अभिलेखों में दर्ज करा लिया गया था। जांच के बाद इन सभी फर्जी इंद्राज को निरस्त कर संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश के कुल 11 जिलों की 56 संपत्तियों को इस ऑनलाइन नीलामी में शामिल किया गया है। इसमें राजधानी लखनऊ, अयोध्या, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, पीलीभीत, बाराबंकी, सुल्तानपुर, बिजनौर, एटा, बांदा और कौशांबी जिले शामिल हैं।


