मोहम्मदाबाद: कस्बा निवासी एक युवती ने अज्ञात युवक पर व्हाट्सएप के माध्यम से अभद्र संदेश भेजने तथा सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
अवंतीबाई नगर, मोहम्मदाबाद निवासी हिमानी राठौर पुत्री अजीत सिंह राठौर ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए नगर में एक छोटी गिफ्ट शॉप संचालित करती हैं। आरोप है कि दिनांक 13 मई 2026 की रात करीब 10 बजे एक अज्ञात युवक द्वारा उन्हें व्हाट्सएप पर संदेश भेजे गए। जब उन्होंने बातचीत करने से मना किया तो युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा फेसबुक पर पोस्ट वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
हिमानी के अनुसार उक्त घटना से उन्हें मानसिक कष्ट पहुंचा है और उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी भविष्य में सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर उन्हें अथवा अन्य महिलाओं को भी परेशान कर सकता है।
प्रार्थिनी ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके विरुद्ध जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत पत्र के साथ व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया तहरीर प्राप्त हुई है जांच कर कार्रवाई की जाएगी
व्हाट्सएप पर अभद्र संदेश भेजकर बदनाम करने की धमकी, युवती ने की कार्रवाई की मांग


