शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
थाना शमशाबाद क्षेत्र में अज्ञात चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला ग्राम नगला धनी का है, जहां बीती रात चोरों ने एक किसान के नलकूप को निशाना बनाते हुए गेट तोड़कर अंदर रखे हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला धनी निवासी आदेश कुमार का खेत गांव के पास स्थित है, जहां फसलों की सिंचाई के लिए उन्होंने नलकूप लगा रखा है। नलकूप की सुरक्षा के लिए एक कोठरी भी बनाई गई थी, जिसमें विद्युत उपकरण सुरक्षित रखे जाते थे।
बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोर नलकूप पर पहुंचे और पहले गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन जब ताला नहीं टूटा तो उन्होंने पूरा लोहे का गेट ही तोड़ डाला। इसके बाद चोर कोठरी के अंदर घुस गए और वहां रखे समर स्टार्टर समेत अन्य कीमती विद्युत उपकरण चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब नलकूप स्वामी आदेश कुमार खेत पर पहुंचे। टूटा हुआ गेट और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि नलकूप से जरूरी उपकरण गायब हैं।
पीड़ित किसान के अनुसार, इस चोरी में लगभग 8 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि चोर समर स्टार्टर और अन्य विद्युत सामान अपने साथ ले गए हैं, जिससे सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो गया है।
हालांकि देर शाम तक इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।


