150 किलो लहन नष्ट, 30 लीटर कच्ची शराब बरामद; कई दुकानों की जांच से मचा हड़कंप
फर्रुखाबाद।
जनपद में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाकर शराब माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। शासन के निर्देश पर चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी टीम ने शराब दुकानों की औचक जांच के साथ संदिग्ध गांवों में छापेमारी कर अवैध शराब और लहन बरामद किया।
आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी डॉ . अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक कुमार गौरव सिंह ने किया।
टीम ने नेकपुर खुर्द, हथियापुर, साहबगंज, बीबीगंज, खिनमिनी, गंगोली और गंगादरवाजा सहित कई क्षेत्रों की कम्पोजिट और देशी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा बघऊ और हरसिंहपुर गोवा स्थित CL5CC दुकानों की भी सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, POS मशीन से बिक्री रिकॉर्ड, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई।
सूत्रों के मुताबिक कई दुकानदारों में कार्रवाई को लेकर दहशत दिखाई दी। आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि रिकॉर्ड में गड़बड़ी, अवैध बिक्री या नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद आबकारी टीम ने संदिग्ध ग्राम लकूला में दबिश देकर अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी की। मौके पर करीब 150 किलो लहन नष्ट किया गया, जबकि 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में दो अभियोग भी दर्ज किए गए हैं।


