फर्रुखाबाद। जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने पुलिस, परिवहन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने बताया कि अप्रैल 2026 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 11.11 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि मृतकों की संख्या में 26.31 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं क्रमिक आधार पर दुर्घटनाओं में 19.76 प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 25.58 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस पर जिलाधिकारी ने सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को हर हाल में उनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी।फतेहगढ़-कानपुर मार्ग पर झाड़ियों और पेड़ों की टहनियों के कारण रिफ्लेक्टर दिखाई न देने की समस्या पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग को वन विभाग के साथ समन्वय कर शीघ्र कटाई-छंटाई कराने के निर्देश दिए। वहीं जमापुर मोड़ के पास हाल ही में हुई दुर्घटना में मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए तिपहिया वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सभी लिंक रोड जंक्शनों पर 15 दिन के भीतर स्पीड ब्रेकर निर्माण एवं व्हाइट पेंटिंग का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 के दुर्घटना आंकड़ों के आधार पर जनपद में चिन्हित किए जाने वाले 12 नए ब्लैक स्पॉट का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।बैठक में सड़क हादसों में शामिल वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। परिवहन विभाग द्वारा अब तक एक वाहन चालक का लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है। इसके अलावा सभी थानों को iRAD/eDAR ऐप पर सड़क दुर्घटना संबंधी आंकड़ों की शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह समेत परिवहन, लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


