एलटी लाइन ठीक करते समय खंभे पर झुलसा युवक, शव लटकता देख मची चीख-पुकार
अमृतपुर फर्रुखाबाद
राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। शटडाउन लेने के बाद एलटी लाइन ठीक कर रहे युवक की अचानक बिजली चालू हो जाने से करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव खंभे पर ही लटक गया, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार कुसुमापुर निवासी अर्जुन पुत्र रामप्रकाश (35) ग्राम दौलतपुर में बिजली लाइन दुरुस्त करने का कार्य कर रहा था। बताया गया कि शटडाउन लेने के बाद वह खंभे पर चढ़कर एलटी लाइन ठीक कर रहा था, तभी अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। तेज करंट लगने से अर्जुन खंभे पर ही झुलस गया और पोल पर लटक गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद ग्रामीण सहम उठे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर प्रभारी नागेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की तथा आसपास के लोगों को शांत कराया। बाद में परिजनों के पहुंचने पर युवक के शव को खंभे से नीचे उतारा गया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अर्जुन पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके भाइयों के नाम सहदेव, विनोद, आकाश और विशाल बताए गए हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी उषा, बेटियां जयशू व अंशिका तथा पुत्र करन और अर्पित को छोड़ गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
बिजली विभाग के एसडीओ विनोद शुक्ला ने बताया कि मृतक व्यक्ति विभाग का न तो संविदा कर्मी था और न ही सरकारी कर्मचारी। वहीं ग्राम प्रधान संजय सोमवंशी ने बताया कि अर्जुन डेली बेसिस पर बिजली विभाग के लिए कार्य करता था। शटडाउन लेने के बाद वह नियमित रूप से लाइन ठीक करने गया था, लेकिन किसी की लापरवाही से दोबारा लाइन चालू कर दी गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर तहसीलदार शशांक सिंह एवं लेखपाल आदिल भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


