शुभेंदु बने मुख्यमंत्री :शपथ लेते ही कानून व्यवस्था पर बड़ा एक्शन
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन हुआ। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी सीधे प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने पूरे समारोह को राजनीतिक और भावनात्मक रूप से बेहद खास बना दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके को पश्चिम बंगाल के लिए “नई उम्मीद, गरिमा और सुशासन की शुरुआत” बताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 9 मई 2026 का दिन इतिहास में एक महत्वपूर्ण तारीख के रूप में दर्ज रहेगा। उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को राज्य का पहला भाजपा मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान पीएम मोदी का समर्थकों की ओर दंडवत प्रणाम करना भी चर्चा का केंद्र बना रहा।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद शुभेंदु अधिकारी एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। माना जा रहा है कि नई सरकार कानून व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा के मुद्दे पर शुरुआत से ही सख्त संदेश देना चाहती है।
शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, क्षुदीराम टुडु और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार के गठन के साथ ही प्रशासनिक नियुक्तियों का दौर भी शुरू हो गया है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है, जबकि आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को निजी सचिव बनाया गया है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह दिन पश्चिम बंगाल और देश दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की इच्छा थी कि नई सरकार का गठन रवींद्र जयंती के अवसर पर हो और उसी भावना के साथ शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल हिंसा में जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों से भी मुलाकात की। इसे भाजपा के लिए भावनात्मक और राजनीतिक रूप से बड़ा संदेश माना जा रहा है।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में भारी जनसमूह उमड़ा और भाजपा समर्थकों ने “जय श्रीराम” तथा “मोदी-मोदी” के नारों के साथ जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने को पार्टी के लिए ऐतिहासिक राजनीतिक जीत माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद राज्य की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।


