हमीरपुर
जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव मजरा कोतूपुर पटिया में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। बेटी की शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन कुछ ही घंटों में वही घर चीख-पुकार से भर गया। यमुना नदी में नाव पलटने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, गयाप्रसाद उर्फ राजू की बेटी अंजली की शादी सोमवार को संपन्न हुई थी। मंगलवार को विदाई के बाद रिश्तेदारों को यमुना पार स्थित खेतों में तरबूज, खरबूजा और ककड़ी खिलाने ले जाया गया था। शाम को लौटते समय बीच धारा में नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव चला रहा युवक मोबाइल देखने लगा था, इसी दौरान हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची NDRF, SDRF और फ्लड पीएसी की टीमों ने करीब 22 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। गुरुवार सुबह तक सभी छह शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों में बृजरानी (35), अर्चना (14), रानी (9), आकांक्षा (9), लव्यांश उर्फ दिव्यांश (5) और आदित्य (11) शामिल हैं। वहीं नाविक विष्णु, रिंकू और पारुल को सुरक्षित बचा लिया गया।
जिस घर से मंगलवार को बेटी की डोली उठी थी, उसी घर में गुरुवार को मातम पसरा रहा। गांव में दो दिनों तक किसी के घर चूल्हा नहीं जला। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।


