हरदोई जिले में मंगलवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव खेत में बनी झोपड़ी के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुरसा थाना क्षेत्र के नयापुरवा मजरा सेमरा निवासी 53 वर्षीय शिवमंगल के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे और अपने खेत की देखभाल के लिए अक्सर वहीं बनी झोपड़ी में रुकते थे। उनके परिवार में पत्नी अन्नपूर्णा, दो बेटे सुधीर और संजय, तथा एक बेटी हैं।
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम भोजन करने के बाद शिवमंगल रोज की तरह खेत की रखवाली के लिए गए थे। मंगलवार सुबह उनका बेटा सुधीर खेत की ओर गया, जहां झोपड़ी के अंदर उसने अपने पिता को फंदे से लटका देखा। यह देख वह घबरा गया और शोर मचाते हुए घर की ओर भागा।
सुधीर की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
मामले में थाना प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।


