24 C
Lucknow
Tuesday, May 5, 2026

करंट से कीमती भैंस की मौत, पशुपालक परिवार पर टूटा संकट

Must read

 

खुले तार में दौड़ता रहा करंट, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

अमृतपुर, फर्रुखाबाद

थाना क्षेत्र के ग्राम अलादपुर भटौली में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पशुपालक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। बिजली करंट की चपेट में आने से एक कीमती भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से न केवल परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सरोजा देवी पत्नी महेंद्र की भैंस रोज की तरह सुबह करीब 6 बजे घर के बाहर बंधी हुई थी। इसी दौरान किसी तरह बंधन खुलने के बाद वह पास ही लगे बिजली के पोल के नजदीक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पोल के पास एक लोहे का तार खुला पड़ा हुआ था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। भैंस उसी तार में उलझ गई और तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना को देख आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और भैंस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन करंट के खतरे के चलते कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। काफी देर बाद जब बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, तब तक भैंस दम तोड़ चुकी थी।सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक डॉ. योगेश एवं क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और घटना का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पशु चिकित्सक द्वारा भैंस के शव का परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई, वहीं लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया।ग्रामीणों ने बिजली विभाग की घोर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर तार और खुले कनेक्शन हादसों को दावत दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं कराया गया, जिसका खामियाजा अब एक बेजुबान जानवर को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article