हरदोई
पिहानी चुंगी से लखनऊ रोड (खेतुई तक) प्रस्तावित 77 करोड़ रुपये की सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। सोशल मीडिया पर शिलान्यास की खबरें सामने आने के बाद भाजपा सांसद जयप्रकाश ने स्थानीय सदर विधायक पर श्रेय लेने का आरोप लगाया है, जिससे मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।
सांसद जयप्रकाश ने दावा किया कि वर्ष 2023 से वह इस परियोजना को लेकर लगातार प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात की और विभागीय स्तर पर भी पैरवी की। उनके अनुसार, इन्हीं प्रयासों के चलते 77 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली और अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू होने की स्थिति में है।
सांसद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रस्तावित शिलान्यास की जानकारी उन्हें न तो प्रशासन द्वारा दी गई और न ही संबंधित विभाग की ओर से। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिलाधिकारी तक को इसकी पूर्व जानकारी नहीं थी। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शासनादेश के विपरीत एकतरफा कार्यवाही उचित नहीं है।
विवाद को आगे बढ़ाते हुए सांसद ने स्थानीय विधायक पर दूसरों के कार्यों का श्रेय लेने का आरोप लगाया और उन्हें हरदोई के लिए नई योजनाएं लाने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि नगर में सीवर सिस्टम और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है और वह ऐसे कार्यों में सहयोग के लिए तैयार हैं।
सांसद ने अपने पूर्व कार्यकाल (1991-2004) में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि उनके द्वारा कराए गए कार्य आज भी दिखाई देते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल के वर्षों में नगर में बड़े विकास कार्यों की कमी रही है। साथ ही, सिनेमा चौराहे पर स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा के शिलापट्ट पर अपना नाम न जोड़े जाने की शिकायत भी उन्होंने उच्च स्तर पर करने की बात कही।
77 करोड़ की सड़क परियोजना पर सियासी घमासान, सांसद ने विधायक पर साधा निशाना


