25 C
Lucknow
Monday, May 4, 2026

बेमौसम बारिश और आंधी से किसानों पर दोहरी मार, कटी गेहूं की फसल पानी में डूबी

Must read

 

आलू की मंदी से पहले ही परेशान थे किसान

फर्रुखाबाद। जनपद में सोमवार रात आई बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह से भीगकर बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है, जो पहले से ही आलू की मंदी से जूझ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना कमालगंज क्षेत्र के गांव निनोरा श्रंखलापुर निवासी किसान अनस खान की गेहूं की फसल कटकर खेत में ही पड़ी थी। सोमवार रात आई तेज बारिश और आंधी के चलते पूरी फसल पानी में डूब गई। खेतों में जलभराव हो गया, जिससे गेहूं की बालियां सड़ने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसान की कई महीनों की मेहनत कुछ ही घंटों में तबाह हो गई।
किसान अनस खान ने बताया कि हम लोग पहले से ही आलू की गिरती कीमतों के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। आलू का सही दाम नहीं मिल रहा, जिससे लागत भी नहीं निकल पा रही है। अब गेहूं की फसल भी बर्बाद हो गई, ऐसे में और मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते मदद नहीं मिली तो किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिला है। कई स्थानों पर गेहूं की कटी फसल खेतों में भीग गई है, जबकि कुछ जगहों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें हैं। किसानों का कहना है कि मौसम की मार से लगातार नुकसान हो रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का जल्द सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें इस संकट से उबरने में राहत मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article