रायबरेली: रायबरेली के ऊंचाहार (Unchahar) इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 17 दिन पहले दफन किए गए एक युवक के शव को प्रशासन ने गंगा नदी (Ganges River) की रेती से दोबारा निकलवाया गया। यह कार्रवाई मृतक की मां की गुहार पर जिलाधिकारी के आदेश के बाद की गई। मामला ऊंचाहार थाना क्षेत्र के पूरे महेश बख्श मजरे कंदरावा गांव का है। यहां के निवासी 25 वर्षीय राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन उस समय शव को गंगा किनारे रेती में दफना दिया गया था।
परिजनों के अनुसार, 25 वर्षीय राहुल बीते 16 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ नसीरनपुर गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। देर रात उसके दोस्तों ने ही परिजनों को राहुल की मौत की सूचना दी और शव को घर के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन उस समय शव को गंगा किनारे रेती में दफना दिया गया था।
मृतक की मां लगातार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही थी। आखिरकार उनकी अपील पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने शव को दोबारा निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में गंगा की रेती से शव को बाहर निकाला गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।


