लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से कुशीनगर जनपद के तमकुही राज क्षेत्र में स्थित हजरत शुकरुल्लाह शाह मस्तान बाबा दरगाह पर उर्स-ए-मुबारक के अवसर पर चादर पेश की गई। यह चादरपोशी कार्यक्रम धार्मिक आस्था और राजनीतिक संदेश, दोनों के रूप में देखा जा रहा है।
यह चादर विशेष रूप से पार्टी की सफलता और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में विजय की कामना के साथ अर्पित की गई है। पूर्व विधायक तमकुही राज कासिम अली ने बताया कि इस पवित्र अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा दुआ की जाएगी कि समाजवादी पार्टी को आगामी चुनाव में बहुमत प्राप्त हो और अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें।
उर्स के इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में जावेद आलम, नूरहसन अली, जितेंद्र यादव, मुकेश यादव, मकसूद अली, मुमताज अली तथा धर्मराज यादव सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, समाजवादी पार्टी का यह कदम धार्मिक आयोजनों के माध्यम से जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए माहौल बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।


