29 C
Lucknow
Saturday, May 2, 2026

सात माह बाद भी हत्या का खुलासा नहीं, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Must read

 

हमीरपुर जनपद के सरीला तहसील स्थित जरिया थाना क्षेत्र के बौखर गांव में सात माह पूर्व हुई महिला की हत्या का अब तक खुलासा न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अभिषेक गोयल को ज्ञापन सौंपकर मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब सात माह पहले बौखर गांव में शीला रानी नामक महिला की घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह हुई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी और लोगों में भय का माहौल बन गया था।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची थी और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया था। इसके बावजूद सात महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक इस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

शनिवार को अखिल भारतीय लोधी लोधा महासभा के बैनर तले दर्जनों ग्रामीण सरीला तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत पत्र देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में यशपाल सिंह, धर्मपाल, कौशलेंद्र कुमार, आशीष कुमार, प्रवेश, अतीश कुमार, परशुराम, नंदराम, रविंद्र सिंह, पवन कुमार, प्रेम, प्रेमचंद लोधी और रूप सिंह लोधी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि घटना को साढ़े सात माह बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है।

इस पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द ही प्रभावी कार्रवाई की जाएगी और हत्याकांड का खुलासा कराया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article