कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम लेनदेन के विवाद को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना मेडुवा स्थित एक स्कूल के पास हुई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरीदपुर सलेम गांव निवासी सोनू पासी अपनी पत्नी हीरामती के साथ दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही वे बीएल इंटर कॉलेज मेडुवा के पास पहुंचे, तभी रास्ते में पहले से मौजूद देशराज यादव और उसके बेटों सौरभ व शुभम ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर सोनू पासी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ित सोनू पासी का कहना है कि देशराज यादव ने करीब छह महीने पहले उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे। जब वह अपने पैसे वापस मांग रहा था, तभी से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई सोनू की पत्नी हीरामती के साथ भी आरोपियों ने मारपीट और अभद्रता की। इससे मामला और गंभीर हो गया और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है। पुलिस जब आरोपियों के घर पहुंची तो वे फरार मिले। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


