कानपुर: यूपी के कानपुर (Kanpur) में एक भीषण सड़क हादसा (road accident) हुआ है, तेज रफ्तार 2 डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत हुई है। हादसे में सगे भाइयों की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरों के मुताबिक, घटना नौबस्ता एलिवेटेड पुल पर घटी है, जहां एक तेज रफ्तार डंपर खड़े डंपर से जा भिड़ा। घटना इतनी भयानक थी कि ठोकर मारने वाले डंपर के परखच्चे उड़ गए। घटना होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से डंपर में फंसे दोनों भाइयों को निकालने की कोशिश की।
वहीं घंटों जद्दोजहद करने के बाद केबिन को काटकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान कमलकांत (27) और दीपक (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है, जांच के बाद ही असल वजह का पता चल सकेगा।


