फतेहपुर में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मलवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव की करीब 1 करोड़ 77 हजार 680 रुपये की अचल संपत्ति जब्त कर ली है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव, जो दुर्गानगर, हरिहरगंज क्षेत्र का निवासी है, पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि उसने अवैध गतिविधियों के जरिए बड़ी संपत्ति अर्जित की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जब्त की गई संपत्तियां आरोपी की पत्नी प्रतिभा यादव, बहन नीलम देवी और सहयोगी आशा सिंह के नाम पर दर्ज हैं। ये संपत्तियां मौजा मिठ्ठनपुर खुद्दीना क्षेत्र में स्थित हैं और इनकी कुल अनुमानित कीमत 1,00,77,680 रुपये आंकी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव के खिलाफ कोतवाली नगर में पहले से ही धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गतिविधियों को लंबे समय से पुलिस निगरानी में रखा गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे यह संदेश जाता है कि अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को देर शाम अंजाम दिया गया, जिसके बाद क्षेत्र में पुलिस की सख्ती की चर्चा तेज हो गई है।


