कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के जाफरपुर महावा गांव में एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बुधवार दोपहर प्रशासन ने युवती के शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह कार्रवाई परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद की गई।
मामले के अनुसार, 23 वर्षीय नाजिया की तबीयत 20 अप्रैल को अचानक बिगड़ गई थी। गांव के शादाब खान द्वारा उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद 21 अप्रैल को परिजनों ने शव को दफना दिया था।
कुछ दिनों बाद मृतका के मोबाइल फोन से मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग ने मामले को नया मोड़ दे दिया। इन रिकॉर्डिंग में नाजिया और शादाब खान के बीच बातचीत सामने आई, जिसमें दोनों के बीच प्रेम संबंध और शादी की इच्छा की बात सामने आने का दावा किया गया है। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद नाजिया ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था।
परिवार का यह भी आरोप है कि शादाब खान को पूरी घटना की जानकारी थी और वही उसे अस्पताल लेकर गया था। इसी आधार पर मृतका की छोटी बहन ने मामले की जांच की मांग करते हुए ऑडियो रिकॉर्डिंग उच्चाधिकारियों को सौंप दी।
शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार ओम प्रकाश और पश्चिम शरीरा थानाध्यक्ष हरीश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कब्र से शव को निकलवाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की छोटी बहन ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के पीछे की सच्चाई सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।


