प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी नें संभाला मोर्चा
फर्रुखाबाद।सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मिशन मोड में मैदान संभाल लिया है। आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में अहम बैठक लेकर 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरदोई रैली को सफल बनाने का रोडमैप तय किया।
बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि हरदोई जनपद के मल्लावां में होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा में फर्रुखाबाद से 15,000 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। यह संख्या सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखी जा रही है।
प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मौके पर गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करने की तैयारी है, वहीं संगठन इसे जनसमर्थन में बदलने की रणनीति पर काम कर रहा है।
कार्यकर्ताओं की आवाजाही के लिए पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है।
बसों से जाने वाले कार्यकर्ता हुल्लापुर चौराहे से रवाना होंगे
निजी वाहनों से जाने वाले कार्यकर्ता कन्नौज मार्ग से मल्लावां पहुंचेंगे।
सभी कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है
यह व्यवस्थाएं बताती हैं कि भाजपा इस रैली को महज आयोजन नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन और चुनावी संदेश के तौर पर देख रही है।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तय हुई कि 1 से 5 मई के बीच जिला कार्यसमिति की बैठक,15 मई के बाद दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग,जिसमें नव नियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा और संगठन विस्तार की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए प्रदेश स्तर से वक्ताओं की नियुक्ति भी की जा चुकी है।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी गई है और लक्ष्य है कि फर्रुखाबाद से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ता रैली में पहुंचकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।
बैठक में उत्तर प्रदेश आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटियार, अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौर, अनुराग दुबे, अभिषेक बाथम, अभिषेक बाजपेई, संजीव गुप्ता, पंकज पाल, कृष्ण मुरारी राजपूत सहित मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी व कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मोदी की हरदोई रैली के लिए 15 हजार कार्यकर्ताओं को उतारने की तैयारी


