36 C
Lucknow
Tuesday, April 28, 2026

गंगा एक्सप्रेस-वे से चमकेगा आगरा का पर्यटन और उद्योग

Must read

– आसान कनेक्टिविटी से ब्रज क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही और नाइट स्टे बढ़ेगा

– ट्रांसपोर्टेशन का समय बचने से आगरा के जूता, लेदर व अन्य उद्योग को मिलेगी नई उड़ान

– ब्रज के पेठा, पेड़ा और हस्तशिल्प उत्पादों को देशभर में आसानी से नया बाजार मिलेगा

आगरा, 28 अप्रैल। मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले 594 किलोमीटर लंबे ‘गंगा एक्सप्रेस-वे’ का आगामी 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भव्य लोकार्पण करने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के दूरदर्शी विजन और शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल का प्रतीक यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश की अर्थव्यवस्था की नई लाइफ लाइन बनने जा रहा है। इस विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क का एक बहुत बड़ा और सकारात्मक प्रभाव आगरा मंडल और समूचे ब्रज धाम पर पड़ेगा। सुगम और सुरक्षित कनेक्टिविटी से यहां के पर्यटन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को एक ऐसी ऐतिहासिक रफ्तार मिलेगी, जो विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।

ब्रज क्षेत्र में चमकेगा पर्यटन, होटल और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को मिलेगी नई ऊर्जा

गंगा एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से आगरा और मथुरा की कनेक्टिविटी और भी मजबूत हो जाएगी। सुरक्षित और सुगम सड़क मार्ग के कारण पर्यटकों का शहर में ठहराव (नाइट स्टे) बढ़ेगा। इसका सीधा आर्थिक लाभ यहां के होटल व्यवसायियों, परिवहन सेक्टर, टूरिस्ट गाइडों और स्थानीय दुकानदारों को मिलेगा। बेहतरीन रास्तों के कारण ब्रज क्षेत्र अब ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ और कॉर्पोरेट इवेंट्स के नए हब के रूप में भी उभरेगा। इस पर टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़ का कहना है कि गंगा एक्सप्रेस-वे आगरा और ब्रज के पर्यटन उद्योग के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगा। सुगम यात्रा के कारण वीकेंड टूरिज्म के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों की आवाजाही में जबरदस्त उछाल आएगा, जिससे पूरे हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी।

पेठा, पेड़ा और हस्तशिल्प को मिलेगा देशव्यापी बाजार

एक्सप्रेस-वे के कारण माल ढुलाई (लॉजिस्टिक) का समय और लागत दोनों कम होंगे। इससे ब्रज के प्रसिद्ध पेड़ा, आगरा के पेठा उद्योग के साथ- साथ यहां के खूबसूरत हस्तशिल्प और मार्बल उत्पादों को देश के कोने- कोने तक पहुंचने के लिए नए मार्ग मिलेंगे। उ.प्र. लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि यह पूरे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में बड़ा सहायक रहेगा। जहां भी रोड कनेक्टिविटी बढ़ती है, वहां और उससे लगे क्षेत्रों का विकास शुरू हो जाता है। जाम की समस्या तो खत्म होगी ही, साथ ही सड़क के दोनों तरफ उद्योग व आवासीय योजनाएं आने से प्रगति होगी और रोजगार बढ़ेगा। यह एक्सप्रेस-वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी यूपी से जोड़कर उन जिलों को भी प्रगति की दौड़ में शामिल करेगा, जो अब तक विकास से अछूते थे।

आगरा के लेदर और जूता उद्योग की ग्लोबल मार्केट में बढ़ेगी धाक

आगरा अपने लेदर और फुटवियर उद्योग के लिए वैश्विक स्तर पर मशहूर है। नए गंगा एक्सप्रेस-वे से कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार माल को देश के अन्य हिस्सों या बंदरगाहों तक पहुंचाने में बहुत आसानी होगी। फुटवियर और चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर ने इस पर अपनी राय रखते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी बड़े उद्योग की पहली जरूरत होती है। गंगा एक्सप्रेस-वे के चालू होने से आगरा के जूता और चमड़ा निर्यातकों का ट्रांसपोर्टेशन का समय काफी बचेगा। माल की तेज डिलीवरी से ग्लोबल मार्केट में हमारे उद्योग की साख और भी ज्यादा मजबूत होगी।

सुनहरे भविष्य का मार्ग और रोजगार के नए अवसर

योगी सरकार के इस बड़े कदम से आगरा मंडल के स्थानीय और पारंपरिक उद्योगों को एक नई संजीवनी मिलेगी। गंगा एक्सप्रेस- वे केवल एक सड़क नहीं, बल्कि विकास का एक पूरा कॉरिडोर है। इससे न केवल बड़े उद्योगों को फायदा होगा, बल्कि छोटे स्तर पर काम करने वाले व्यापारियों और आम जनता की आर्थिक स्थिति में भी व्यापक सुधार आएगा। सुगम यातायात से उत्पादों की पहुंच बड़े बाजारों तक आसान हो जाएगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियां कई गुना तेज हो जाएंगी और आगरा मंडल प्रगति के नए शिखर को छुएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article