लखीमपुर-खीरी: यूपी के लखीमपुर-खीरी (Lakhimpur-Kheri) जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां तेज रफ्तार थार (speeding Thar) कार ने बाइक सवार 3 लोगों को चपेट में ले लिया। घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई और वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना भीखमपुर चौराहे के पास उस वक्त घटी, जब युवक अपनी पत्नी और भाभी के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने बाइक को ठोकर मार दी। घटना इतनी भयानक थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं युवक की पत्नी और भाभी गंभीर रूप से घायल हुई।
हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। रास्ते में युवक की बीवी ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा है। मृतकों की पहचान सतेंद्र कुमार और पत्नी सरिता देवी के रूप में हुई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। फरार थार चालक की तलाश की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।


