अमृतपुर, फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम रतनपुर पमारन में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दबंगों ने घर के बाहर सो रहे एक दंपत्ति पर अचानक हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने युवक को बुरी तरह पीट दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
पीड़िता सोनी देवी पत्नी रामकृपाल के अनुसार, देर रात कुछ बाहरी लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उनके पति रामकृपाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। नींद में होने के कारण वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही डंडों की बौछार शुरू हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना का मंजर तब और भयावह हो गया, जब शोर सुनकर जागे बच्चों ने अपने पिता को पिटते हुए देखा। मासूमों की चीख-पुकार के बावजूद हमलावर नहीं रुके। जब सोनी देवी अपने पति को बचाने के लिए आगे बढ़ीं, तो आरोपियों ने उन्हें भी डंडों से पीटकर घायल कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित परिवार ने थाना अमृतपुर में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना संज्ञान में आई है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है तथा तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त एवं गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


