कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
मैनपुरी
जनपद में उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के दौरान शहर में सुचारु व्यवस्था बनाए रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए 25, 26 और 27 अप्रैल तक विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इस दौरान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर बड़े, चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, करहल चौराहा से बड़े चौराहा की ओर आने वाले सभी चार पहिया और तीन पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इसी प्रकार ज्योति तिराहा से बड़े चौराहा की ओर, भांवत चौराहा से किश्चियन तिराहा की ओर तथा ईशन नदी की तरफ से किश्चियन तिराहा की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
इसके अलावा देवी रोड से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संख्या अधिक रहने के कारण इन मार्गों पर दबाव बढ़ सकता है, जिसे नियंत्रित करने के लिए यह कदम जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नो-एंट्री व्यवस्था पहले की तरह प्रभावी रहेगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।


