हमीरपुर जिले में एक दरोगा द्वारा महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है।
घटना सुमेरपुर कस्बे की बताई जा रही है, जहां वीडियो में एक उपनिरीक्षक महिला से ऊंची आवाज में बात करते हुए और उसे पैर से धक्का देते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और मामले की जांच की मांग उठी।
जानकारी के अनुसार, मौके पर एक ई-रिक्शा चालक और महिला के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिवशंकर पाण्डेय मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने चलने के लिए कह रहे थे। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विवाद बढ़ गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के प्रसारित होते ही मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया और तुरंत जांच के आदेश जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ सदर राजेश कमल को सौंपी है। जांच के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस की सोशल मीडिया सेल का कहना है कि नेशनल हाईवे-34 पर महिला और ई-रिक्शा चालक के बीच विवाद और हाथापाई की स्थिति बन गई थी। उपनिरीक्षक मौके पर स्थिति नियंत्रित करने पहुंचे थे। इस दौरान महिला को पैर लगने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


