29 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, बिजली विभाग का जेई 22 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Must read

 

 

 

 

 

 

हरदोई जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कराही विद्युत उपकेंद्र पर की गई, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

 

मामला बम्हनाखेड़ा गांव निवासी मुस्तकीम से जुड़ा है, जिन्होंने अपने निजी नलकूप कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि कराही उपकेंद्र पर तैनात जेई पवन वर्मा ने कनेक्शन का एस्टीमेट तैयार करने के बदले उनसे 22 हजार रुपये की मांग की थी।

 

लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर मुस्तकीम ने लखनऊ स्थित एंटी करप्शन संगठन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की रणनीति तैयार की।

 

निर्धारित योजना के तहत पीड़ित मुस्तकीम को रिश्वत की रकम लेकर जेई के पास भेजा गया। जैसे ही जेई पवन वर्मा ने कराही विद्युत उपकेंद्र परिसर में 22 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर टीपी सिंह ने किया।

 

गिरफ्तारी के बाद आरोपी जेई को बघौली थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश करने की तैयारी की जा रही है।

 

इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। वहीं आम लोगों में इस कदम से राहत और विश्वास की भावना देखने को मिल रही है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article