29 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, तैयारियों में तेजी के निर्देश

Must read

 

 

 

 

हरदोई में 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण और जनसभा कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत और लखनऊ रेंज की आईजी किरण एस की अध्यक्षता में मल्लावां में सम्पन्न हुई।

 

बैठक में हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

इस दौरान जिलाधिकारी हरदोई अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने जिले में की जा रही तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, जनसभा स्थल के प्रबंधन तथा गणमान्य व्यक्तियों और आम नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी दी।

 

आयुक्त विजय विश्वास पंत ने बैठक में निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

आईजी किरण एस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और पार्किंग स्थलों का चयन इस तरह से करने को कहा कि आम जनता को कम से कम पैदल चलना पड़े। उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और सभी जनपदों के पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

 

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरा करें, ताकि कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article