हरदोई जिले के हरियावां थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में बातचीत के बाद समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार, विवाहिता टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जबकि उसका मायका हरियावां थाना क्षेत्र में उसी गांव में है, जहां आरोपी युवक रहता है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका युवक के साथ प्रेम संबंध था और उसने शादी का वादा कर उसे विश्वास में लिया था।
विवाहिता का आरोप है कि युवक ने कहा था कि वह उससे ही शादी करेगा और कहीं और विवाह नहीं करेगा। इसी भरोसे पर दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन बाद में उसे पता चला कि युवक की शादी कहीं और तय हो गई है और अगले सप्ताह उसकी सगाई होने वाली है।
यह जानकारी मिलने के बाद महिला अपने ससुराल से युवक के घर पहुंची, जहां युवक मौजूद नहीं था। परिजनों से बातचीत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला, जिसके बाद उसने गुरुवार को हरियावां थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया। वहां दोनों के बीच बातचीत कराई गई, जिसके बाद आपसी सहमति से मामला शांत हो गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बातचीत के बाद समझौता हो गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी युवक शोभित का चालान किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की औपचारिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।


