हरदोई शहर की नटवीर पुलिया के पास गुरुवार दोपहर मिले एक अज्ञात शव की पहचान शुक्रवार को हो गई। मृतक की पहचान उसके रिक्शे पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर की गई, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के फूल बेहटा निवासी 39 वर्षीय शिवपाल रिक्शा चलाकर अपना जीवनयापन करते थे। उनके बड़े भाई संतराम ने शव की पहचान करते हुए पुष्टि की कि मृतक उनके छोटे भाई शिवपाल ही हैं।
परिजनों के अनुसार, शिवपाल गुरुवार सुबह रोज की तरह रिक्शा चलाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। इसी दिन दोपहर शहर की नटवीर पुलिया के पास उनका शव पड़ा मिला था, जिसके पास ही उनका रिक्शा भी खड़ा था।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पहचान न होने के कारण शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया था।
पुलिस ने रिक्शे पर लिखे मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क किया। कॉल उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को नुमाइश पुरवा निवासी लतीफ बताया, जो किराए पर रिक्शा चलवाते हैं। लतीफ ने बताया कि यह रिक्शा उन्होंने फूल बेहटा निवासी शिवपाल को किराए पर दिया था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
शुक्रवार को मृतक के भाई संतराम मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान अपने छोटे भाई के रूप में की। परिजनों ने बताया कि शिवपाल की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी, लेकिन कुछ वर्षों बाद उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थीं। उनके कोई संतान नहीं थी।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


