फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव उलियापुर में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में तंबाकू गोदाम की छत पर सो रहे एक वृद्ध मजदूर की गिरकर मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जनपद कानपुर के मकनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अरौल निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद नवाब के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से उलियापुर स्थित एक तंबाकू गोदाम में मजदूरी कर रहे थे और वहीं छत पर सोते थे।
बताया गया है कि गुरुवार की रात किसी समय मोहम्मद नवाब लघुशंका के लिए उठे थे। उस समय गोदाम की छत पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी, जिसके चलते अंधेरे में उनका संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ते ही वह छत से नीचे गिर गए और नीचे खड़े हैरो (कृषि यंत्र) पर जा गिरे। गिरने से उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह जब अन्य मजदूरों की नींद खुली तो उन्होंने मोहम्मद नवाब को अपने बिस्तर पर नहीं पाया। काफी तलाश के बाद जब नीचे देखा गया तो उनका शव पड़ा मिला। यह दृश्य देख साथी मजदूरों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राम नरेश माथुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला छत से गिरने के कारण हुई आकस्मिक दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि हादसा केवल अंधेरे के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी हो सकती है।


