29 C
Lucknow
Thursday, April 23, 2026

तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से महिला की मौत, पति-पुत्री गंभीर घायल

Must read

फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र में बरेली हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जायका रेस्टोरेंट के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय महिला रिजवाना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति इकरार और 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार परिवार फर्रुखाबाद की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

बताया गया है कि घायल इकरार जनपद शाहजहांपुर के थाना अल्लागंज क्षेत्र के गांव मऊशाहजहांपुर निवासी हैं। वह अपनी पत्नी और पुत्री के साथ फर्रुखाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में दवा लेने आए थे। इलाज कराकर वापस लौटते समय यह हादसा हो गया, जिसने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पांचालघाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल डॉ. राममनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद बरेली हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डीसीएम चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article