एटा
जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे समाज को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक शराब के नशे में धुत पिता ने अपनी ही ढाई वर्षीय मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देकर रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है, वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी अपने घर नशे की हालत में पहुंचा और अपनी पत्नी से बच्ची को घुमाने के बहाने बाहर ले गया। परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था, लेकिन आरोपी मासूम को लेकर मारहरा रोड स्थित मंदिर के पीछे बाग के पास खेतों में पहुंच गया, जहां उसने इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।
काफी देर तक दोनों के वापस न लौटने पर पत्नी को चिंता हुई और वह अपने जेठ के साथ खोजबीन करते हुए खेतों की ओर पहुंची। वहां बच्ची को बेहोशी की हालत में पड़ा देख परिजन सन्न रह गए। तुरंत बच्ची को संभालते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फील्ड यूनिट टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत एकत्र किए हैं।


