29 C
Lucknow
Tuesday, April 21, 2026

बिजली कटौती व लो-वोल्टेज से नाराज किसानों का प्रदर्शन, एसडीओ का पुतला फूंका

Must read

नवाबगंज, फर्रुखाबाद।
नगर नवाबगंज में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (स्वराज गुट) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों ने बिजली घर पर धरना देते हुए विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) का पुतला फूंककर अपना रोष जाहिर किया।
जानकारी के अनुसार अचरा रोड स्थित बजाज एजेंसी के पास संगठन के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता लाठी-डंडे और डीजे के साथ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में नवाबगंज बिजली घर पहुंचे। काफिले में एक वाहन में एसडीओ का पुतला भी रखा गया था, जिसे सनरूफ से बाहर निकालकर प्रदर्शन किया गया।
बिजली घर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने परिसर में दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र राजपूत का व्यवहार उपभोक्ताओं, विशेषकर किसानों के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि एसडीओ न तो किसानों के फोन उठाते हैं और यदि बात होती भी है तो अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इसके अलावा बिना सुविधा शुल्क के लाइन के फॉल्ट ठीक नहीं किए जाते और कार्यालय में भी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि बिल संशोधन सहित अन्य समस्याओं के समाधान में भी अधिकारी कोई रुचि नहीं लेते। प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ को तत्काल हटाने की मांग करते हुए उनका पुतला फूंक दिया।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे कायमगंज के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) शिव शंकर को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि फर्रुखाबाद जनपद मक्का उत्पादन में अग्रणी है, लेकिन नवाबगंज क्षेत्र में सिंचाई के लिए मिलने वाली बिजली में अघोषित कटौती हो रही है। किसानों को पूरी रात जागने के बावजूद मुश्किल से 2-3 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जबकि सरकार द्वारा 10 घंटे बिजली आपूर्ति का प्रावधान है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि फॉल्ट होने पर लाइनमैन समय से नहीं आते और जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। किसानों का कहना है कि इससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है, इसलिए संबंधित अधिकारियों की जांच कर कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा नगर पंचायत नवाबगंज में भी बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब बताई गई। जहां 22 घंटे के बजाय मुश्किल से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है, उसमें भी लो-वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट की समस्या बनी रहती है।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल जमा होने के बावजूद कई बार बिजली काट दी जाती है, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है।
इस प्रदर्शन में पप्पू राठौर, सुनील कुमार, बड़े मिश्रा, सचिन गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, कुलदीप सक्सेना और बजरंगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article