शाहजहांपुर। थाना पुवायां पुलिस ने धर्मांतरण कराने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी गरीब, अनुसूचित जाति के लोगों और नाबालिग बच्चों को निशाना बनाकर प्रलोभन और भय दिखाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस को 19 अप्रैल को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना में बताया गया था कि पुवायां क्षेत्र में कुछ लोग भोले-भाले ग्रामीणों को आर्थिक मदद और बेहतर इलाज का झांसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके फोटो और वीडियो बना लेते थे। बाद में इन्हीं के जरिए उन पर दबाव बनाया जाता था और उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता था। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों नमद्वीप, रचिन उर्फ गुड्डू और बटेश्वर ने बताया कि वे करीब एक वर्ष से इस गतिविधि में शामिल थे और इसके बदले उन्हें बाहरी स्रोतों से प्रलोभन मिलता था। इस मामले में वादी सौरभ वर्मा की तहरीर पर थाना पुवायां में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 234/2026 के तहत धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में नमद्वीप (30) निवासी पिपरिया कप्तान, जनपद खीरी, रचिन उर्फ गुड्डू (24) और बटेश्वर (55) निवासी पकड़िया हकीम, शाहजहांपुर शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


