शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना पुलिस ने सिऊरा गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का महज पांच दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को पकड़ते हुए उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और कुछ नकदी बरामद की है। बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 15-16 अप्रैल की मध्यरात्रि को विजरात सिंह के घर में छत के रास्ते घुसकर चोरों ने जीने का ताला तोड़ दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित ने 18 अप्रैल को मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार सुरागरसी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम क्षेत्र के ही दो नाबालिगों ने दिया है। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को उस समय दबोच लिया, जब वे चोरी के आभूषण बेचने की फिराक में जा रहे थे। पुलिस पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने जेवर और नकदी आपस में बांट ली थी। एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वे शहर छोड़ने की योजना बना रहे थे। थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि दोनों नाबालिगों को पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस ने चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है।


