40 C
Lucknow
Monday, April 20, 2026

फार्मर रजिस्ट्री के बिना नहीं मिलेगी पीएम किसान योजना की किस्त, प्रशासन ने तेज किया अभियान

Must read

क्रासर
जनपद में सैकड़ों कर्मियों की तैनाती, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
फर्रुखाबाद। शासन के कड़े निर्देशों के बाद जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाना अब अनिवार्य कर दिया गया है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनेगी, उन्हें आगामी किस्त से वंचित होना पड़ सकता है। इस आदेश के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और गांव-गांव अभियान चलाकर रजिस्ट्री का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
जिले के हर राजस्व ग्राम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि एक भी पात्र किसान इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए टीमें घर-घर जाकर किसानों का डाटा एकत्र कर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कर रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने समीक्षा बैठक में कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की । समीक्षा में सामने आया कि जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए 212 ग्राम पंचायत सहायक, 32 पंचायत सचिव, 57 लेखपाल, 108 कृषि विभाग के कर्मचारी और 24 ग्राम रोजगार सेवकों की तैनाती की गई है। इन सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समयसीमा में कार्य को हर हाल में पूरा किया जाए।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवा सकें और योजना की आगामी किस्त का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त कर सकें।
प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाएं और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ समय पर मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article