हरदोई जिले के बेनीगंज थाना क्षेत्र में गोमती नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे प्रताप नगर इलाके के बरगदिया घाट के पास सामने आई, जब पशु चरा रहे चरवाहों ने नदी किनारे शव पड़ा देखा।
चरवाहों ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही बेनीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी किनारे से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मौके पर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मृतक की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव ने मैरून रंग की मटमैली शर्ट और काले रंग की जीन्स पहन रखी थी, जिससे पहचान में और कठिनाई आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और शरीर पर जानवरों द्वारा नोचने के निशान भी पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत कुछ दिन पहले हुई होगी और शव लंबे समय से नदी किनारे पड़ा रहा।
बेनीगंज थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी है और पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


